The Bare Truth

जमीन विवाद में दो चचेरे भाइयों ने की शिक्षक की निर्मम हत्या; गुस्साए परिजनों ने फूंका कातिलों का मकान, दो आरोपी गिरफ्तार

20 Jul 2026  

जमीन विवाद में दो चचेरे भाइयों ने की शिक्षक की निर्मम हत्या; गुस्साए परिजनों ने फूंका कातिलों का मकान, दो आरोपी गिरफ्तार

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम राधानगर में जमीन विवाद के चलते दो चचेरे भाइयों ने एक शिक्षक की चाकू से गला रेतकर और हथौड़े से वार कर निर्मम हत्या कर दी। मृतक शिक्षक का नाम जयकरन जगते बताया जा रहा है। वारदात की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और गुस्साए मृतक के परिजनों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी। आगजनी की घटना से इलाके में भारी तनाव फैल गया, जिसके बाद पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के दोनों आरोपी भाइयों को हिरासत में ले लिया है।


पुलिस जांच में सामने आया कि शिक्षक जयकरन और उनके चचेरे भाइयों के बीच काफी समय से पैतृक जमीन का विवाद चल रहा था। इस विवाद को सुलझाने के लिए रविवार को गांव में बाकायदा एक सामाजिक मीटिंग भी बुलाई गई थी। 

 

आरोपियों का आरोप है कि पैतृक जमीन का बंटवारा होने के बावजूद शिक्षक उन्हें अपनी जमीन पर खेती नहीं करने दे रहा था और न ही जमीन की नापजोख होने दे रहा था, जिससे वे काफी परेशान थे।

 

इसी रंजिश के चलते दोनों भाइयों ने शिक्षक पर चाकू और हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे गर्दन में गंभीर चोट आने के कारण जयकरन की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। त्रिकुंडा पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web