The Bare Truth

वेनेजुएला में बैक-टू-बैक दो विनाशकारी भूकंप: राजधानी काराकस में ढही कई इमारतें, देश में इमरजेंसी लागू; 10 हजार से अधिक मौतों की आशंका

25 Jun 2026  

वेनेजुएला में बैक-टू-बैक दो विनाशकारी भूकंप: राजधानी काराकस में ढही कई इमारतें, देश में इमरजेंसी लागू; 10 हजार से अधिक मौतों की आशंका

Share this post with:

वेनेजुएला के उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी तट के पास बुधवार शाम आए दो शक्तिशाली और लगातार भूकंपों ने पूरे देश में भारी तबाही मचाई है. महज 40 सेकंड के अंतराल पर आए इन दो भीषण झटकों के कारण राजधानी काराकस सहित कई राज्यों में बड़ी इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढह गईं. यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, पहला झटका 7.2 तीव्रता का 'फोरशॉक' (मुख्य भूकंप से पहले का झटका) था, जिसके ठीक बाद 7.5 तीव्रता का मुख्य और अधिक विनाशकारी भूकंप आया. इस भीषण आपदा को देखते हुए वेनेजुएला सरकार ने देश में आपातकाल (इमरजेंसी) का ऐलान कर दिया है.


भूकंप का केंद्र मोंटाल्बान के उत्तर-पश्चिम (याराकुई राज्य) में जमीन से महज 10 किलोमीटर की गहराई पर था, जो देश के बड़े रिफाइनरी क्षेत्रों के करीब स्थित है. भूकंप के भीषण झटकों के बाद डरे-सहमे लोग अपने परिवारों और पालतू जानवरों के साथ सड़कों पर निकल आए. इस आपदा के कारण पूरे वेनेजुएला में इंटरनेट कनेक्टिविटी और बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है. काराकस के चाकाओ, अल्तामीरा और लॉस पालोस ग्रांडेस जैसे इलाकों में कई बहुमंजिला इमारतें मलबे में तब्दील हो गई हैं, जिनमें कई लोगों के दबे होने की आशंका है.


यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के 'पेजर' (PAGER) सिस्टम ने चेतावनी जारी करते हुए अनुमान जताया है कि इस भीषण आपदा में मरने वालों की संख्या 10,000 से लेकर 1,000,00 तक पहुंच सकती है. इस बीच, काराकस का मुख्य सिमोन बोलिवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसके चलते सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं. 

 

राहत की बात यह रही कि यूएस सुनामी चेतावनी केंद्रों ने प्यूर्टो रिको, वर्जिन आइलैंड्स और डोमिनिकन रिपब्लिक जैसे कैरेबियाई इलाकों के लिए जारी की गई खतरनाक लहरों की शुरुआती सुनामी चेतावनी को बाद में रद्द कर दिया. फिलहाल प्रभावित इलाकों में सेना, सिविल डिफेंस और रेस्क्यू टीमें मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए बड़े पैमाने पर राहत कार्य में जुटी हुई हैं.
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web