The Bare Truth

अमृत भारत योजना के तहत सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प, पीएम मोदी कल करेंगे लोकार्पण

16 Jul 2026  

अमृत भारत योजना के तहत सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प, पीएम मोदी कल करेंगे लोकार्पण

Share this post with:

छत्तीसगढ़ में रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है।

 

 इस ऐतिहासिक अवसर के लिए रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानन्द ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की और उन्हें केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से उद्घाटन समारोह का आमंत्रण पत्र सौंपा। इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच दोनों स्टेशनों पर विकसित की गई आधुनिक यात्री सुविधाओं, इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेडेशन और स्टेशनों के नए आकर्षक स्वरूप को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के इन दोनों नवीनीकृत स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को विश्वस्तरीय और सुगम परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दूरदर्शी पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि आज भारतीय रेलवे अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। देशभर के स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर यात्री सेवाओं से सुसज्जित कर 'विकसित भारत' के संकल्प को नई गति दी जा रही है। 

 

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि रेलवे केवल आवागमन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यापार, पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और क्षेत्रीय विकास की असली जीवनरेखा है। उन्होंने भरोसा जताया कि सरोना और बालोद स्टेशनों के कायाकल्प से यात्रियों का सफर सुरक्षित व आरामदायक होगा और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सीएम साय ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से आधुनिक रेल इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे आने वाले समय में प्रदेश में निवेश, उद्योग और कनेक्टिविटी को एक नई व मजबूत दिशा मिलेगी।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web