Share this post with:
छत्तीसगढ़ में पानी के प्रति लापरवाही और हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा मांड नदी के अंबेटिकरा पुल से 35 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाने का मामला सामने आया है।
युवक के दोस्तों ने इस खतरनाक स्टंट का वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक पुल से कूदता तो दिखा, लेकिन दुर्भाग्यवश वह दोबारा पानी की सतह पर नहीं आ सका। घटना के बाद पुलिस और डीडीआरएफ (DDRF) की टीम ने करीब 22 घंटे के सघन सर्च ऑपरेशन के बाद शव को नदी से बरामद किया।
राज्य में जल निकायों से जुड़ी यह अकेली घटना नहीं है। बिलासपुर जिले में भी दो अलग-अलग हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। रतनपुर में एक युवक कमल ककड़ी (ढेस) निकालने के लिए तालाब में उतरा था, लेकिन वहां वह कमल की लताओं के जाल में इस कदर फंस गया कि गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
इसी तरह, कोटा क्षेत्र के कोरी डेम में दोस्तों के साथ नहाने गया एक अन्य युवक भी गहरे पानी के भंवर में फंस गया और बाहर नहीं निकल पाया। एक के बाद एक हुई इन घटनाओं ने न केवल प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है, बल्कि जल निकायों के पास सुरक्षा और सावधानी बरतने को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023