Share this post with:
सोमवार सुबह करीब 9 बजे लॉ कॉलेज के क्लासरूम में रोज की तरह छात्र मौजूद थे। पढ़ाई शुरू नहीं हुई थी। छात्र आपस में बात कर रहे थे। तभी आरोपी छात्र प्रिंस राज क्लासरूम में दाखिल हुआ। CCTV फुटेज में वह सीधे उस बेंच की ओर बढ़ता दिख रहा है, जहां फर्स्ट ईयर की छात्रा संदीप कौर अपनी सहेली के साथ बैठी थी।
बताया जा रहा है कि पहले दोनों के बीच कुछ मिनट बातचीत और बहस हुई। क्लास में मौजूद छात्रों के मुताबिक माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद आरोपी ने पिस्टल निकाली और बेहद नजदीक से छात्रा के सिर पर गोली मार दी। गोली लगते ही संदीप कौर नीचे गिर पड़ी। क्लासरूम में अफरा-तफरी मच गई और छात्र जान बचाकर बाहर भागे।
घटना के तुरंत बाद आरोपी ने पिस्टल फिर से लोड की और खुद के सिर पर गोली मार ली। वह भी वहीं गिर गया। कुछ ही मिनटों में पूरा कॉलेज परिसर दहशत में बदल गया। मृतक छात्रा संदीप कौर (20) लॉ कॉलेज में फर्स्ट ईयर की छात्रा थी। आरोपी प्रिंस राज भी उसी कॉलेज का छात्र था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कॉलेज को सील कर दिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और CCTV फुटेज कब्जे में लिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा माना जा रहा है। आशंका है कि 8 फरवरी को आरोपी ने छात्रा को प्रपोज किया था, जिसे उसने ठुकरा दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं है और मोबाइल चैट व कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं।
इधर छात्रा की मां ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें पहले सिर्फ छोटा सा झगड़ा और चोट लगने की जानकारी दी गई। जब वे कॉलेज पहुंचीं तो बेटी मृत मिली। अब यह भी जांच का विषय है कि सूचना देने में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरोपी हथियार लेकर कॉलेज परिसर और क्लासरूम तक कैसे पहुंचा। क्या एंट्री पर किसी तरह की चेकिंग व्यवस्था थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। लेकिन इस वारदात ने कैंपस सुरक्षा और युवाओं में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Share this post with:
09 Feb 2026
09 Feb 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023