The Bare Truth

लिव-इन में रह रहे बेटे ने खुद का अपहरण दिखाकर पिता से मांगे 10 लाख, इस तरह हुआ साज़िश का भंडाफोड़....

07 Oct 2025  

लिव-इन में रह रहे बेटे ने खुद का अपहरण दिखाकर पिता से मांगे 10 लाख, इस तरह हुआ साज़िश का भंडाफोड़....

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने खुद का अपहरण दिखाकर अपने ही पिता से 10 लाख रुपए की फिरौती मांग ली। पिता की शिकायत पर पुलिस तीन दिन तक उसकी तलाश में भटकती रही, लेकिन सच्चाई सामने आने पर सभी दंग रह गए। दरअसल, युवक अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लिव-इन में रह रहा था और पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए उसने यह झूठी कहानी रची थी। 

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जशपुर जिले के नारायणपुर के देरहाखार निवासी संजय यादव (29) पिछले 10 साल से बिलासपुर के कस्तूरबा नगर में किराए के मकान में रह रहा था। एमएससी तक पढ़ाई करने के बाद वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और साथ ही एक प्राइवेट बैंक में काम भी करता था। 

रविवार (5 अक्टूबर) को संजय ने अपने पिता को फोन कर बताया कि उसका अपहरण हो गया है और उसे छुड़ाने के लिए 10 लाख रुपए तुरंत उसके बैंक खाते में जमा कराए जाएं। अचानक बेटे का फोन और फिरौती की मांग सुनकर पिता के होश उड़ गए। वे तत्काल बिलासपुर पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। 

पुलिस ने तलाश शुरू की और तीन दिन तक जगह-जगह सर्च ऑपरेशन चलाया। इस बीच संजय अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मध्यप्रदेश भाग गया था। लेकिन जब पैसे खत्म हो गए, तो वह वापस लौटते वक्त पेंड्रा में पकड़ा गया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि पैसों की तंगी और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने यह झूठी अपहरण की कहानी रची थी। पुलिस और परिजनों ने उसके सुरक्षित मिलने पर राहत की सांस ली, लेकिन इस खुलासे ने सभी को हैरान कर दिया कि एक बेटा अपने ही पिता से ठगी करने की साजिश रचेगा।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web