Share this post with:
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भांठागांव स्थित अवधपुरी कॉलोनी में रविवार को एक नीट अभ्यर्थी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के रहने वाले पुष्पेंद्र पटेल के रूप में हुई है, जो पिछले दो वर्षों से रायपुर में किराए के मकान में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
यह मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परीक्षा में सफलता नहीं मिलने से छात्र मानसिक दबाव में था। रविवार 22 फरवरी की सुबह मकान की दूसरी मंजिल पर उसका शव जीआई तार के सहारे लटका मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले 21 फरवरी की रात पुष्पेंद्र ने अपनी बहन से पढ़ाई को लेकर परेशानी जताई थी। उसने बताया था कि उसे पढ़ाई याद नहीं हो रही है और वह काफी तनाव में है। देर रात तक पढ़ाई करने के दौरान बहन सोने चली गई, जिसके बाद उसने यह कदम उठा लिया।
मृतक का परिवार पहले रायगढ़ में रहता था, जबकि वर्तमान में सारंगढ़ क्षेत्र के बरसकोल मालदा गांव में निवास कर रहा है। पिता करुणा सागर पटेल किसान हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिजन रायपुर पहुंच गए। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023