The Bare Truth

महासमुंद में दरिंदगी: शादी के दबाव से बचने प्रेमी बना हत्यारा, मूकबधिर युवती की पत्थर से कुचलकर हत्या

25 Mar 2026  

महासमुंद में दरिंदगी: शादी के दबाव से बचने प्रेमी बना हत्यारा, मूकबधिर युवती की पत्थर से कुचलकर हत्या

Share this post with:

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बसना थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी ही मूकबधिर प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन जब वह गर्भवती हो गई और शादी का दबाव बनाने लगी, तो उसने बदनामी के डर से उसकी जान ले ली।


पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोकनाथ पटेल (27) और 21 वर्षीय युवती एक ही गांव के रहने वाले थे। दोनों के बीच पिछले एक साल से प्रेम संबंध थे। इस दौरान आरोपी ने कई बार शादी का वादा कर युवती का शारीरिक शोषण किया।


कुछ दिन पहले युवती की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसके 2 महीने की गर्भवती होने की पुष्टि की। यह खबर परिवार के लिए बड़ा झटका साबित हुई।
बताया जा रहा है कि 23 मार्च की रात युवती अपने प्रेमी से मिलने गई थी। उसने इशारों में अपनी गर्भावस्था की बात बताई और शादी करने का दबाव बनाया। इसी बात से घबराकर आरोपी ने पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।


हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर से करीब 150 मीटर दूर खेत में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। अगले दिन सुबह जब युवती घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ ही देर में खेत में उसका खून से लथपथ शव मिला, जिसे देख परिजनों के होश उड़ गए।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
यह घटना एक बार फिर समाज में रिश्तों के नाम पर हो रहे अपराधों और महिलाओं के प्रति बढ़ती हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web