The Bare Truth

हाईवे जाम कर बर्थडे मनाना पड़ा महंगा, पुलिस ने सड़क पर उतारा नशा

21 Feb 2026  

हाईवे जाम कर बर्थडे मनाना पड़ा महंगा, पुलिस ने सड़क पर उतारा नशा

Share this post with:

सरगुजा–सूरजपुर जिले की सीमा पर स्टेट हाईवे को जन्मदिन पार्टी का मंच बनाना सात युवकों को महंगा पड़ गया। सड़क पर केक काटने और आतिशबाजी कर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लगाने वाले इन रईसजादों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जुलूस निकाला। सिर झुकाए चलते युवकों की तस्वीरें पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रहीं। 

मामला लटोरी चौकी क्षेत्र के सोनवाही के पास का है, जहां 16 फरवरी की रात अंबिकापुर–बनारस स्टेट हाईवे पर युवकों ने कार की बोनट को ही केक टेबल बना दिया। पटाखों की आवाज और गाड़ियों की कतारों के बीच बर्थडे सेलिब्रेशन चलता रहा, जबकि एम्बुलेंस समेत कई वाहन जाम में फंसे रहे। 

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई। 20 फरवरी को कार्रवाई करते हुए छह युवकों को अंबिकापुर से और एक को लटोरी क्षेत्र से पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया।
पुलिस ने पार्टी में इस्तेमाल दो कारें भी जब्त कर ली हैं। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग बाधित करने और लापरवाही से वाहन खड़ा करने के मामले में कार्रवाई की गई है। आगे भी सड़क पर इस तरह का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। 
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web