Share this post with:
रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रोजाना ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को अब टिकट पर सीधी बचत मिलेगी। रेलवे ने डिजिटल टिकट बुकिंग को बढ़ावा देने के लिए RailOne ऐप से अनारक्षित टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत की छूट देने का फैसला किया है।
रेलवे के अनुसार यह सुविधा 14 जनवरी 2025 से 14 जुलाई 2026 तक लागू रहेगी। पहले RailOne ऐप पर केवल R-वॉलेट से भुगतान करने पर 3 प्रतिशत कैशबैक मिलता था, लेकिन नई व्यवस्था में कैशबैक की जगह टिकट की कीमत पर सीधे डिस्काउंट दिया जाएगा। खास बात यह है कि अब UPI, डेबिट कार्ड और अन्य डिजिटल पेमेंट माध्यमों से भुगतान करने पर भी यह छूट मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा केवल RailOne ऐप तक ही सीमित रहेगी। किसी अन्य प्लेटफॉर्म या टिकट काउंटर पर यह छूट लागू नहीं होगी। साथ ही यह लाभ सिर्फ अनारक्षित यानी UTS टिकट पर ही दिया जाएगा।
RailOne ऐप से टिकट बुक करने के लिए यात्रियों को सबसे पहले मोबाइल में ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद IRCTC या UTS आईडी से लॉगिन कर अनारक्षित टिकट का विकल्प चुनना होगा। यात्रा शुरू करने वाला स्टेशन और गंतव्य स्टेशन भरने के बाद यात्रियों की जानकारी दर्ज करनी होगी। डिजिटल भुगतान करते ही टिकट की कीमत में छूट अपने आप जुड़ जाएगी। रेलवे का मानना है कि इस फैसले से रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। डिजिटल टिकट बुकिंग को बढ़ावा मिलेगा और स्टेशन काउंटरों पर लगने वाली भीड़ भी कम होगी।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023