The Bare Truth

होली पर ट्रेनों में भीड़ का दबाव, SECR ने बढ़ाए स्पेशल फेरे

02 Mar 2026  

होली पर ट्रेनों में भीड़ का दबाव, SECR ने बढ़ाए स्पेशल फेरे

Share this post with:

होली पर्व को देखते हुए ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के बीच रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोन से 14 फेरों के लिए 8 होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 56 फेरों की अन्य होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा। 

रेलवे के इस फैसले से छत्तीसगढ़ के साथ-साथ महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार सहित सात राज्यों के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। स्पेशल ट्रेनों के जरिए अतिरिक्त कोच और सीट उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे कंफर्म बर्थ मिलने की संभावना बढ़ेगी। 

दरअसल, होली के मौके पर दूसरे राज्यों में काम करने वाले लोगों का घर लौटना शुरू हो गया है। नियमित ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 250 से 300 तक पहुंच गई है। कई ट्रेनों में यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है और जनरल बोगियों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है।
 

भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से रेलवे ने यह निर्णय लिया है। हालांकि, होली के दिन दुर्ग-रायगढ़-दुर्ग के बीच चलने वाली होली मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन को रद्द रखने का फैसला लिया गया है। 

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की संख्या के अनुसार आगे भी अतिरिक्त फेरे बढ़ाए जा सकते हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अधिकृत काउंटर या ऑनलाइन माध्यम से ही टिकट बुक करें और अफवाहों से बचें।
 

Share this post with:

POPULAR NEWS

© 2022 The Bare Truth. All rights reserved. Developed By Inclusion Web