Share this post with:
राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में जोहार तिरंगा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया है। संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देश के मशहूर गायक श्री कैलाश खेर एवं साथियों ने देशभक्ति गीतों की सुरमयी प्रस्तुति दी। राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्‘ और ‘जान है हमारी है तिरंगा‘ गीत पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सहित उपस्थित लोगों ने देशभक्ति भाव से ओतप्रोेत होकर सुर से सुर मिलाया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा इससे पूर्व ‘जोहार तिरंगा‘ कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और छत्तीसगढ़ महतारी के छाया चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘जोहार तिरंगा’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हम देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान पर देश में तिरंगा सप्ताह मना रहे हैं, जो 9 अगस्त से शुरू हो चुका है और देश के स्वंतत्रता दिवस 15 अगस्त तक चलेगा। इसी कड़ी में इंडोर स्टेडियम में जोहार तिरंगा कार्यक्रम का यह गरिमामय आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान की कड़ी में तिरंगा सप्ताह के दौरान देशभर और छत्तीसगढ़ में देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश के शासकीय, अशासकीय संस्थानों, और गाँव-गाँव के स्तर पर तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा सेल्फी, तिरंगा मेला जैसे अनेक आयोजन किए जा रहे हैं।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023