Share this post with:
छत्तीसगढ़ में अलग-अलग सड़क हादसों ने तीन परिवारों को उजाड़ दिया। दुर्ग और कांकेर जिले में हुए हादसों में एक महिला समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 से ज्यादा लोग घायल हैं। दोनों ही मामलों में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।
दुर्ग जिले में 13 जनवरी की रात जामुल थाना क्षेत्र में तिवारी पेट्रोल पंप के सामने दर्दनाक हादसा हुआ। 26 वर्षीय प्रवीण कुमार अपने दोस्त को कार से घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान उसकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से टकरा गई और पलट गई। टक्कर इतनी तेज थी कि प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे से पहले प्रवीण द्वारा लगाया गया इंस्टाग्राम स्टेटस अब लोगों को भावुक कर रहा है। उसने अपने दिवंगत पिता को याद करते हुए लिखा था—“मिस यू पापा… बहुत याद आ रही है आज आपकी, आकर मुझे भी अपने साथ ले जाओ ना, पापा… बहुत वक्त हो गया आपसे बात किए हुए।”
इस स्टेटस के डाले जाने के 21 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि प्रवीण की सड़क हादसे में मौत हो गई। इधर, कांकेर जिले में 14 जनवरी की सुबह कुलगांव के पास एक तेज रफ्तार क्रूजर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
Share this post with:
09 Feb 2026
09 Feb 2026
20 Feb 2023
20 Feb 2023