Share this post with:
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित वेदांता प्लांट में हुए भीषण हादसे के बाद मौत का आंकड़ा बढ़कर 20 हो गया है। हादसे के बाद राहत और उपचार कार्य जारी है, वहीं गुरुवार को भी कुछ शवों का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
बुधवार को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 7 और जिला अस्पताल में 5 शवों का पोस्टमॉर्टम किया गया, लेकिन अव्यवस्थाओं के चलते कई परिजन भटकते नजर आए। 5 मृतकों के परिजन समय पर नहीं पहुंच सके, जिसके कारण उनके शवों का पोस्टमॉर्टम आज किया जाएगा।
इस बीच वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन आज रायगढ़ पहुंचेंगे। वे अस्पतालों में भर्ती घायलों से मुलाकात करेंगे और इसके बाद जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
हादसे में कुल 36 श्रमिक झुलसे थे, जिनमें से 16 का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है। मृतकों में 4 छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं, जबकि अन्य उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के हैं। वेदांता प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है।
वहीं घायलों को 15-15 लाख रुपए दिए जाएंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री राहत कोष (PMNRF) से भी सहायता राशि घोषित की जा चुकी है, जिसके तहत मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
हादसे के बाद अब प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों पर भी सवाल उठने लगे हैं, जिनकी जांच और जवाबदेही तय करना बड़ी चुनौती बनकर सामने आ रहा है।
Share this post with:
20 Feb 2023
20 Feb 2023